अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने आज मिर्जापुर में रोड शो किया। रोड शो करने के दौरान प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को अभिनेता करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अभिनेता नहीं, नेता चुनिए। इसके पहले प्रियंका गांधी मिर्जापुर के विंध्यवासिनी धाम पर मत्था टेकने के लिए 20 मई को गई थीं। चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले प्रियंका गांधी का ये आखिरी रोड शो था।सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर प्रियंका वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचीं। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मिर्जापुर के अष्टभुजा पहाड़ी के लिए रवाना हो गई थीं। इसके बाद प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और अपना दल, कृष्णा गुट के कार्यकर्ता शामिल हो गए। इसके बाद उनका अष्टभुजा हेलीपैड पर प्रियंका का आगमन हुआ। यहा से डंकिन गंज की ओर प्रियंका का काफिला बढ़ने के साथ ही रोड शो की शुरूआत हुई।
प्रियंका गांधी जब गिरधर चौराहे पर पहुंची तो भाजपा समर्थकों 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए तो वहीं कांग्रेस समर्थकों ने भी 'चौकीदार चोर है' के नारे लगाए। जब 'मोदी-मोदी के' नारे लग रहे थे तो प्रियंका गांधी ने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाने वाले भाजपा समर्थकों को माला पहना दी। करीब 1 बजे प्रियंका गांधी का रोड शो संकटमोचन मंदिर पहुंच पर खत्म हुआ। इस दौरान कांग्रेस समर्थकों ने प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए।